फतह सिंह उजाला
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईएमटी सेक्टर-1 मार्केट में विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत करीब 100 स्कूली बच्चों ने स्वच्छता रैली निकालकर, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश दिया। उप-निगम आयुक्त अपूर्व चैधरी के नेतृत्व में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष कार्रवाई भी की।
उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए भी लगातार अभियान चला रहा है। स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने का संकल्प ले, तो पूरे निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जा सकता है। विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करना आवश्यक है। यह पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए नुकसानदायक है।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने मार्केट में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग की जांच की और कई दुकानों से प्लास्टिक जब्त की। दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रैली के दौरान स्कूली बच्चों ने स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखे बैनर हाथों में लेकर मार्केट भ्रमण करते हुए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मार्केट में मौजूद लोगों ने भी बच्चों के इस अभियान की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।