रिपोर्ट: विजय कुमार साव, सरायकेला ब्यूरो चीफ
सरायकेला: गम्हरिया थाना क्षेत्र के उषा मोड़ चौक पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आरका जैन विश्वविद्यालय की एक बस और टाटा योद्धा वाहन सवारों के बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। घटना के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति बन गई, जिससे कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरका जैन विश्वविद्यालय की बस (संख्या JH05CR2627) को टाटा योद्धा (संख्या JH05CY7567) में सवार लोगों ने उषा मोड़ पर रोक लिया। टाटा योद्धा सवारों का आरोप है कि गम्हरिया के बड़ाम थाना क्षेत्र के समीप बस चालक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनका वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। उनका कहना है कि बार-बार रुकने का इशारा करने के बावजूद बस चालक वाहन लेकर आगे निकल गया।आरोप है कि किसी तरह वाहन को वापस लाकर उषा मोड़ पर बस को रोका गया और क्षतिपूर्ति की मांग की गई। इसी दौरान बस चालक और खलासी कथित तौर पर बहस करने लगे। कुछ ही देर बाद आरका जैन विश्वविद्यालय की दूसरी बस (संख्या JH05DU1311) का चालक भी मौके पर पहुंच गया और टाटा योद्धा चालक व उसमें सवार लोगों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और हाथापाई करने लगा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान बस चालक ने खुलेआम यह कहते हुए चुनौती दी कि "गम्हरिया थाने में बता देना।" इस कथित बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई।हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।