अचल सरोवर के रख-रखाव में आई तेजी, फव्वारे जल्द होंगे शुरू नगर निगम की सक्रिय पहल से संवर रहा शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल
मुकेश कुमार उपाध्याय /अलीगढ़: अलीगढ़ शहर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले अचल सरोवर को बेहतर सार्वजनिक स्थल बनाने की दिशा में नगर निगम ने कार्यों में तेजी ला दी है। नियमित साफ-सफाई, निगरानी और सौंदर्यीकरण के साथ अब सरोवर को अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता बिजेंद्र कुमार ने बताया कि अचल सरोवर का विधिवत हैंडओवर संबंधित ठेकेदार फर्म शिव शक्ति एंटरप्राइजेज को कर दिया गया है। हैंडओवर के दौरान चिन्हित तकनीकी एवं संरचनात्मक कमियों को दूर करा लिया गया है, जिससे अब संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं रहेगी।
फव्वारों का कार्य अंतिम चरण में
अचल सरोवर में लगे फव्वारों को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही फव्वारे पुनः संचालित किए जाएंगे, जिससे सरोवर की सुंदरता और आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निगरानी बढ़ाई गई
सरोवर परिसर की साफ-सफाई और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित फर्म द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। मंदिर क्षेत्र में बंदरों की सक्रियता से फॉल सीलिंग को हुई क्षति को लेकर भी नगर निगम सतर्क है और आवश्यक मरम्मत की तैयारी की जा रही है।
परिवारों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल बनाने की तैयारी
नगर निगम का उद्देश्य अचल सरोवर को केवल धार्मिक और पर्यटन स्थल तक सीमित न रखकर, एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जहां शहरवासी अपने परिवार के साथ समय बिता सकें।
निगम द्वारा निरंतर निरीक्षण और योजनाबद्ध प्रयासों से स्पष्ट है कि अचल सरोवर को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप जनहित में विकसित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Raftaar Media | सच के साथ