logo

पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अमित मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ पत्नी गरिमा तिवारी का एक बार फिर से कोर्ट में वाद दायर

कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व आईपीएल क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा तिवारी ने आज दिनांक 9 मार्च 2026 को अपने पति और उनके परिवार के खिलाफ न्यायालय में एक नया वाद दायर किया है। गरिमा का आरोप है कि शादी के बाद से उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंधों का पता चला।

गरिमा तिवारी ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने कानून का दरवाजा खटखटाया है। इससे पहले वह कानपुर पुलिस कमिश्नर और फिलखाना थाने में भी शिकायत दर्ज करा चुकी थीं। हालांकि, पिछले एक वर्ष से लगातार इंतजार करने और कार्रवाई न होने पर, आज उन्होंने न्यायालय में यह नया वाद दाखिल किया है। उनका कहना है कि अमित मिश्रा और उनके परिवार की ओर से पूर्व में दर्ज शिकायतों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।

*कैसे शुरू हुआ रिश्ता और कब हुआ धोखे का एहसास?*

बिरहाना रोड निवासी मॉडल गरिमा तिवारी ने बताया कि उनकी मुलाकात अमित मिश्रा से 2020 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। उनके पिता एक बड़े कान्वेंट स्कूल में शिक्षक हैं। गरिमा ने बताया, "मैंने अमित मिश्रा के क्रिकेटर होने के कारण उनके इंस्टाग्राम पेज को लाइक किया था, जिसके बाद वह भी मेरी पोस्ट पर लाइक करने लगे। दो-तीन महीने बाद उन्होंने मुझे इंस्टाग्राम पर ही प्रपोज कर दिया। उस समय वह दिन में 10 बार फोन करके 'आई लव यू' बोलते थे। मुझे लगा कि वह मुझसे सच्चा प्यार करते हैं, इसी झांसे में आकर मैंने उनसे शादी कर ली।"

परिवार की सहमति से 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में शादी हुई। गरिमा का आरोप है कि सगाई के बाद से ही अमित और उनके परिवार ने आलीशान होटल और लग्जरी कार की डिमांड कर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। उनका कहना है, "मेरे परिवार ने शादी में भरपूर दहेज दिया, लेकिन फिर भी उनकी लग्जरी कार की मांग पूरी नहीं हुई।"

*शादी के बाद का सच और आरोप*

शादी के एक साल बाद गरिमा को पति के बारे में चौंकाने वाली जानकारी मिली। उन्हें अमित के कई युवतियों से इंस्टाग्राम पर चैटिंग के स्क्रीनशॉट मिले। गरिमा ने कहा, "स्क्रीनशॉट देखने के बाद मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई। जब मैंने इसका विरोध किया तो अमित ने मुझे तलाक देने की धमकी दी।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमित घर खरीदने के नाम पर उनसे पैसों की डिमांड करते थे और मना करने पर गला दबाकर मारपीट करते थे।

गरिमा ने केवल पति पर ही नहीं, बल्कि सास-ससुर और अन्य ससुरालियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी सास बीना मिश्रा सरकारी नौकरी के बहाने अतिरिक्त दहेज की मांग करती थीं, जबकि ननद स्वाति उनके पहनावे पर तंज कसती थी। इन सबसे तंग आकर वह डिप्रेशन का शिकार हो गई हैं और पिछले एक साल से मायके में रहकर अपना इलाज करा रही हैं।

*कौन हैं आरोपी और अदालत में क्या है स्थिति?*

गरिमा तिवारी ने अपनी शिकायत में पति अमित मिश्रा के अलावा ससुर शशिकांत मिश्रा, सास बीना मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी ऋतु मिश्रा और ननद स्वाति को आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि अमित की ऊंची पहुंच के कारण पुलिस में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा।

न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने गरिमा की शिकायत पर घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

*कौन हैं अमित मिश्रा?*

अमित मिश्रा मूल रूप से कानपुर के मीरपुर कैंट के निवासी हैं। वह पूर्व में आईपीएल में गुजरात लॉयंस, राजस्थान रॉयल्स और 2023-24 में लखनऊ सुपर जायन्ट्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे हैं। वर्तमान में वह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में सुरक्षा विभाग में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS