दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया  संवाददाता जामताड़ा :  

विश्व आदिवासी दिवस पर गुरुजी मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप को सफल बनाने को लेकर मांझी परगाना सरदार महासभा तथा सिद्धू-कानू मुर्मू सेवा समिति, जामताड़ा की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जामताड़ा गांधी मैदान में श्री पाने सोरेन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, स्वागत व्यवस्था, स्मारिका प्रकाशन, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग समितियों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में आनंद टुडू और सुनील कुमार हांसदा को संरक्षक बनाया गया, जबकि अमिता टुडू, सुनील कुमार बास्की एवं दीपिका बेसरा को सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। मुख्य आयोजन समिति में नरेंद्र मुर्मू को अध्यक्ष, गिरजानंद हेमरम को सचिव, बलदेव मुर्मू को संयुक्त सचिव तथा कमल टुडू को कोषाध्यक्ष बनाया गया।इसके अलावा सांस्कृतिक समिति, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता समिति, स्मारिका समिति, बोंगा बुरु समिति, गुरुजी मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप समिति, जलपान समिति और स्वागत समिति का भी गठन किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 से 6 अगस्त तक आयोजित होने वाली गुरुजी मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप में जिले और आसपास के क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक रीति-रिवाजों का प्रदर्शन, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।आयोजन समिति ने जिले के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आदिवासी समाज के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में यह भी तय किया गया कि तैयारियों की समीक्षा के लिए अगली बैठक 19 जुलाई को शाम 4 बजे जामताड़ा स्टेडियम में आयोजित होगी। आयोजन समिति ने सभी पदाधिकारियों, समिति सदस्यों तथा समाज के लोगों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने का आग्रह किया है।