logo

जामताड़ा प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य, पेयजल और पोषण योजनाओं को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश

 

 


जामताड़ा / दिनबंधु राउत:जामताड़ा प्रखंड सभागार में सोमवार को प्रखंड प्रमुख लुखीमुनि सोरेन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पेयजल, पोषण, कृषि, उत्पाद, वन विभाग और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी ने पंचायत स्तर पर आम बीमारियों के उपचार के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही एनीमिया जैसी बीमारियों की रोकथाम तथा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही गई।बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले अल्पाहार और पोषण आहार से संबंधित जानकारी को दीवार लेखन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि ग्रामीणों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ सके। बैठक में आपूर्ति विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि किसानों से धान की खरीद सीधे जामताड़ा के लैंप्स के माध्यम से की जा रही है। धान का समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिल सके। वही वन विभाग की ओर से बताया गया कि विभाग को सड़क किनारे 12,800 पौधे लगाने का निर्देश मिला है और इसके लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। वहीं उत्पाद विभाग ने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में विभाग का राजस्व संग्रह 102 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से पियलसोल, मोहरा सहित अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया। इस पर प्रखंड प्रमुख लुखीमुनि सोरेन ने निर्देश दिया कि अप्रैल माह से पहले पेयजल से संबंधित सभी समस्याओं का मिशन मोड में समाधान सुनिश्चित किया जाए।बैठक में बीडीओ सह अंचलाधिकारी अवेश्वर मुर्मू , उप प्रमुख नरेश तुरी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, पंचायती राज प्रखंड समन्वयक इंद्रजीत मंडल सहित विभिन्न विभागों के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और कर्मी उपस्थित थे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS