उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मीनिंग टास्क फोर्स की बैठक संपन्न,24 वाहन जब्त, 38 लाख का राजस्व, संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने 22 जनवरी से 10 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान की जानकारी दी। इस दौरान अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 24 वाहनों (01 जेसीबी, 13 हाईवा, 02–407 वाहन और 08 ट्रैक्टर) को जब्त किया गया। साथ ही लगभग 1,93,200 घनफीट अवैध बालू और 500 घनफीट क्वार्ट्जाइट खनिज बरामद किए गए। इस संबंध में 03 प्राथमिकी दर्ज की गई तथा 09 वाहनों से 3.25 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई।अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए लगभग 1.55 लाख घनफीट बालू की ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी कराई गई, जिससे जिले को करीब 38 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उपायुक्त ने नीलाम बालू के वैध प्रेषण पर सतत निगरानी रखने और समयसीमा के भीतर परिवहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।चांडिल अनुमंडल के दलमा क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन की सूचना पर संयुक्त छापेमारी अभियान भी चलाया गया, जिसमें 02–407 वाहन और 01 ट्रैक्टर जब्त कर 1.25 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई। उपायुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित करने, नियमित औचक निरीक्षण करने तथा अवैध ईंट भट्टों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित संयुक्त कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने पर बल दिया।
Raftaar Media | सच के साथ