झामुमो के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, झामुमो गैस सिलेंडर पर भ्रम फैला रहा, जनता को कर रहा हतोत्साहित: डॉ. प्रदीप वर्मा
रांची:भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झामुमो गैस सिलेंडर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता में बैठी पार्टी का दायित्व जनता को सहारा देना होता है, लेकिन झामुमो इसके उलट लोगों को हतोत्साहित कर रही है।डॉ. वर्मा ने कहा कि आज देश में कांग्रेस की सरकार नहीं है कि गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार और कालाबाजारी की स्थिति पैदा हो जाए। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है, जो जनता की सेवा के लिए दिन-रात काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यही इंडी गठबंधन है जिसने कोरोना टीका और नोटबंदी के दौरान भी भ्रम फैलाने की कोशिश की थी, लेकिन देश की जनता इनके झांसे में नहीं आई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा बनाए रखा।डॉ. वर्मा ने कहा कि आज दुनिया का भरोसा भारत पर बढ़ा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यूक्रेन संकट के दौरान भारत का तिरंगा दिखाकर पाकिस्तानी नागरिक भी सुरक्षित बाहर निकल सके, जो भारत की बढ़ती वैश्विक साख को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार को रमजान और उसके बाद होने वाले शादी-विवाह के सीजन की चिंता अब सताने लगी है। इसी कारण झामुमो नेता बयानबाजी कर राजनीतिक सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।डॉ. वर्मा ने कहा कि झामुमो ने चुनाव के समय गैस सिलेंडर 400 रुपये में देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों से धान 3200 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने की चिंता भी झामुमो सरकार को नहीं हुई, लेकिन बिना किसी किल्लत के गैस की कमी का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता है और पेट्रोलियम मंत्रालय पूरी तरह सजग है। देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि दुष्प्रचार के कारण कालाबाजारी न बढ़े, इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है।विदेश नीति को लेकर झामुमो की आलोचना पर उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों को जाने बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। समुद्री जहाज भारत की समुद्री सीमा के बाहर ध्वस्त हुआ है, इसलिए इसमें भारत की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती। उन्होंने कहा कि सरकार का विरोध करना अलग बात है, लेकिन देश का विरोध करना राष्ट्रद्रोह जैसा है।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार कभी घुटने नहीं टेकती और न ही भारत किसी को झुकाने में विश्वास करता है। भारत विश्व के कल्याण की भावना से काम करता है और केंद्र सरकार देशहित में ही फैसले लेती है।
Raftaar Media | सच के साथ