logo

मेयर सौरभ जोशी ने PEC–नयागांव बैरियर का किया दौरा, ट्रैफिक जाम और अवैध कब्जों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

 

चंडीगढ़/ रवीन्द्र कुमार:नयागाँव भारतीय जनता पार्टी इकाई के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए शहर के मेयर सौरभ जोशी ने आज PEC–नयागांव बैरियर के पास राजिंद्रा पार्क रोड क्षेत्र का दौरा कर वहां ट्रैफिक जाम और रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा किए गए अवैध कब्जों की स्थिति का जायजा लिया ।
    मेयर के इस दौरे का नयागाँव निवासियों एवं पार्षदों ने स्वागत किया और कहा कि पहली बार कोई चंडीगढ़ का मेयर स्वयं मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और स्थिति का निरीक्षण करने आया है ।
   इस अवसर पर मेयर के साथ क्षेत्र के पार्षदों , नयागांव के निवासी, भाजपा पंजाब के स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी, नगर निगम चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी तथा प्रवर्तन अधीक्षक भी मौजूद रहे । निरीक्षण के दौरान मेयर ने ट्रैफिक जाम की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए और इसके लिए तुरंत अल्पकालिक कार्य योजना तैयार की जाए ।
     इसके साथ ही नगर निगम की प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर अवैध रूप से बैठने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि सड़कों पर होने वाले अवरोध को दूर किया जा सके।
मेयर ने इंजीनियरिंग विंग को यह भी निर्देश दिए कि राजिंद्रा पार्क रोड पर नयागांव की ओर से गांव खुड्डा अलीशेर की तरफ पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों की सुविधा के लिए फुटपाथ और साइकिल ट्रैक विकसित करने की योजना तैयार की जाए। मेयर ने दोहराया कि नगर निगम चंडीगढ़ शहर में सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था, व्यवस्थित वेंडिंग और पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित ढांचा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS