अजीत कुमार / दिल्ली
राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले में UER (Urban Extension Road) के पास दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो कथित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो वांछित अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से दिल्ली में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने UER के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों गिरफ्तार
डीसीपी के अनुसार, पुलिस के रुकने के संकेत देने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे वे बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
हथियार और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे तथा उनके खिलाफ अन्य राज्यों में भी कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं।