logo

भिवाड़ी हादसे पर गरमाई सियासत, ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने श्रम मंत्री से की मुलाकात, मृत मजदूरों के शव लाने व मुआवजे की उठाई मांग

 

सरायकेला: हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के मजदूरों की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए ईचागढ़ की विधायक  सविता महतो और पोटका के विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा के चालू सत्र के दौरान राज्य के श्रम मंत्री संजय यादव से मुलाकात की।विधायकों ने मंत्री के समक्ष मांग रखी कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शवों को उनके गृह क्षेत्र ईचागढ़ और पोटका लाने की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि परिजन अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार सम्मानजनक तरीके से कर सकें।विधायक सविता महतो ने श्रम मंत्री से आग्रह किया कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित कंपनी और  सिगनेचर ग्लोबल सोसाइटी से मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके।इस पर श्रम मंत्री संजय यादव ने विधायकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता सबसे पहले मृत मजदूरों के शवों को सम्मानजनक तरीके से रांची मंगवाने की है। इसके बाद वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें उनके पैतृक गांव—बनगोड़ा, बुरुहातू और हुंडी—तक पहुंचाया जाएगा।मंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा और दोषी कंपनी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस संबंध में जानकारी ईचागढ़ विधायक सविता महतो के आप्त सचिव राजीव कुमार महतो उर्फ काबलू ने दी।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS