रांची जिले के राहे थाना क्षेत्र के पारमडीह टुंगरीटोला गांव के समीप जारागोड़ा इलाके में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चट्टान पर खून से लथपथ शव देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही राहे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू की। युवक के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के स्पष्ट निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की तैयारी चल रही है ।सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक के दाहिने हाथ पर 'K M' अक्षर टैटू के रूप में बना हुआ है, जिसे पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों और जिलों में भी शव की पहचान कराने के लिए सूचना भेज दी है।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। पुलिस हत्या के कारण और इसमें शामिल आरोपियों की तलाश में जुट गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह युवक कौन है, उसकी हत्या किसने और क्यों की। पुलिस का कहना है कि पहचान के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।