अजीत कुमार / दिल्ली
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों का दिल्ली पुलिस ने खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने महज सात घंटे के भीतर एक अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाकर दो विधि-विरोधी बालकों (सीसीएल) को पकड़ लिया, जबकि ज्योति नगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पहला मामला न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र का है 28 जुलाई की सुबह जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क के एक गड्ढे में एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव पर चाकू से कई वार किए गए थे घटनास्थल से खून से सना चाकू बरामद किया गया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक की पहचान लोनी (गाजियाबाद) निवासी 16 वर्षीय साद उर्फ नामी के रूप में हुई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने महज सात घंटे के भीतर दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एक फैक्ट्री में काम करते थे और मृतक उन्हें अक्सर धमकाता और परेशान करता था। इसी रंजिश के चलते 27 जुलाई को उन्होंने साद को चप्पल खरीदने के बहाने डीडीए पार्क बुलाया। वहां कहासुनी के दौरान चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
वहीं दूसरा मामला ज्योति नगर थाना क्षेत्र का है। 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि करदमपुरी निवासी 17 वर्षीय इंतजार को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि गली नंबर-4, करदमपुरी में तीन लोगों ने चाकू मारकर उसकी हत्या की थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई। इसके आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय अरमान और 18 वर्षीय अल्फाइज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।