दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार ने शनिवार को मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने आगामी जेएसएससी क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सबसे पहले राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय और प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके बाद डीसी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भी दौरा किया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, डेटा में त्रुटि सुधारने और मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य एक भी पात्र नागरिक को सूची से बाहर न रहने देना है। उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया ताकि पुनरीक्षण कार्य के लिए आने वाले नागरिकों को परेशानी न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में जवाबदेही और सतर्कता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार, प्राचार्य विश्वजीत लायक, अपूर्व मंडल, सुखमय मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।