नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट के प्रदेश महामंत्री बने समसुल खान, जामताड़ा में हुआ सम्मान समारोह
जामताड़ा/दिनबंधु राउत: जामताड़ा नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट द्वारा जिले के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता समसुल खान को संगठन का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय सचिव ऐहतेशामुल मिर्जा द्वारा जारी आधिकारिक नियुक्ति पत्र के माध्यम से की गई है। समसुल खान की नियुक्ति से जिले के सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।रविवार को जामताड़ा के नामूपाड़ा स्थित संगठन कार्यालय में इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां राष्ट्रीय सचिव ऐहतेशामुल मिर्जा ने समसुल खान को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्हें माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में समसुल खान ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में मानवाधिकारों की रक्षा करना, सामाजिक न्याय को मजबूत करना तथा भारतीय संविधान की मूल भावना को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में समाज में कई प्रकार की समस्याएं देखने को मिलती हैं, जिनमें भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बाल शोषण, सामाजिक भेदभाव और अन्य कुरीतियां शामिल हैं। ऐसे मामलों में संगठन कानूनी दायरे में रहकर पीड़ितों की आवाज बनने का काम करेगा और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव ऐहतेशामुल मिर्जा ने कहा कि नेशनल ह्यूमन राइट्स एंड जस्टिस मूवमेंट देशभर में मानवाधिकारों की रक्षा और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय दिलाना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने समसुल खान से अपेक्षा जताई कि वे प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगे और जल्द ही अपनी कार्यकारिणी का गठन कर उसकी सूची मुख्यालय को भेजेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में मानवाधिकार जागरूकता अभियान, सेमिनार और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके। वहीं संगठन से जुड़े अकबर अंसारी ने कहा कि समसुल खान एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए गर्व की बात है।उन्होंने विश्वास जताया कि समसुल खान के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के हित में बेहतर कार्य करेगा। इस अवसर पर इमरान अंसारी, मजहर अंसारी, राजाबाबू, समसुद्दीन अंसारी, गुलाम अंसारी, मुकेश मिर्धा, सोहेल अंसारी, मो. सद्दाम अंसारी, जमशेद अंसारी, मकसूद अंसारी, सबीर अंसारी, शौकत अंसारी और जुबेर अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समसुल खान को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Raftaar Media | सच के साथ