logo

गलारपुर में खत्म हुआ सस्पेंस: रचना बनीं निर्विरोध कोटेदार

 


दीपचंद्र दीक्षित /अमृतपुर/फर्रुखाबाद। तहसील क्षेत्र के ग्राम गलारपुर में सस्ता गल्ला दुकान के चयन को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार समाप्त हो गया। ग्राम पंचायत में आयोजित खुली बैठक में रचना पत्नी प्रमोद कुमार को निर्विरोध रूप से सस्ता गल्ला दुकान का कोटेदार चुन लिया गया।
बताया गया कि इससे पहले आयोजित बैठक में पर्याप्त संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति न होने के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका था, जिसके चलते चयन प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा था। इससे गांव में कोटेदार के चयन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई थीं।
प्रशासन द्वारा पुनः निर्धारित तिथि पर खुली बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान रचना पत्नी प्रमोद कुमार ने अपना आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि किसी अन्य दावेदार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में नियमानुसार उन्हें निर्विरोध सस्ता गल्ला दुकान का कोटेदार घोषित कर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान वीडियो पंचायत अजीत पाठक, सचिव शिव सिंह, क्षेत्रीय सचिव राजीव सुमन तथा एनआरएलएम से वीरेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत के प्रधान ओमपाल कुशवाहा समेत कई ग्रामीण भी बैठक में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
ग्रामवासियों ने उम्मीद जताई है कि नई कोटेदार बनने के बाद गांव के पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाला राशन समय पर और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS