logo

औद्योगिक समस्याओं के समाधान को लेकर जियाडा में समीक्षा बैठक, उद्यमियों ने उठाई सड़क व आधारभूत सुविधाओं की मांग

 

सरायकेला: आदित्यपुर स्थित जियाडा सभागार में मंगलवार को जियाडा के प्रबंध निदेशक (एमडी) वरुण रंजन की अध्यक्षता में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में मौजूद समस्याओं को समझना और उनके त्वरित समाधान के लिए ठोस रोडमैप तैयार करना था। इस अवसर पर जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन और क्षेत्रीय उपनिदेशक दिनेश रंजन भी मौजूद रहे।बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की जर्जर सड़कों, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की कमी तथा लेवी से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उद्यमियों का कहना था कि आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण उत्पादन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, जिससे उद्योगों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है।एमडी वरुण रंजन ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि जियाडा इन मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें।बैठक में नए उद्योगों की स्थापना और पुराने उद्योगों के विस्तार के लिए जमीन आवंटन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। उद्यमियों ने प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की। इस पर एमडी ने आश्वासन दिया कि निवेश बढ़ाने के लिए जमीन से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जाएगा।
बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, एसिया के अध्यक्ष इंद्र अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष विनोद शर्मा, इसरो के अध्यक्ष रूपेश कतरियार सहित कई उद्यमी उपस्थित थे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS