logo

करमाटार थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव में 11 हजार वोल्ट तार से शॉर्ट सर्किट, बागान में लगी आग; ग्रामीणों में आक्रोश

 

जामताड़ा/दिनबंधु राउत:करमाटार थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी (झुलीवा) गांव में गुरुवार को 11 हजार वोल्ट बिजली तार में शॉर्ट सर्किट होने से अशोक मंडल के घर के पास स्थित बागान में आग लग गई।घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थान पर पहले भी चार बार शॉर्ट सर्किट की घटना हो चुकी है।बिजली पोल के पास रोजाना बच्चे खेलते हैं और आसपास मवेशी भी बंधे रहते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को पूर्व में कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिजली विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? बताया गया कि पूर्व में शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से एक गाय के बछड़े की जान भी जा चुकी है, फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। घटना के समय मौके पर सुरेश मंडल, मुकेश मंडल, घनश्याम मंडल, श्रीराम मंडल, राजेश मंडल, मनोज मंडल, बिनोद मंडल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने विभाग से अविलंब जर्जर तार की मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इलाके के लोगों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS