बगहा मरीन ड्राइव निर्माण का मुद्दा बिहार विधानसभा में गूंजा
बगहा / मोहम्मद इम्तियाज : बगहा नगर परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित मरीन ड्राइव निर्माण का मामला गुरुवार को बिहार विधानसभा में गूंजा। बगहा से भाजपा विधायक राम सिंह ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण परियोजना की ओर आकृष्ट कराया।
विधायक ने सदन में कहा कि बगहा नगर के 22 वार्ड नदी किनारे बसे हुए हैं। यदि मरीन ड्राइव का निर्माण होता है तो इससे शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल नगर के सौंदर्यीकरण में सहायक होगी, बल्कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को भी बढ़ावा देगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर प्राप्त होंगे।
राम सिंह ने सरकार से निर्माण कार्य की स्वीकृति, विभागीय प्रक्रिया और प्रगति की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इस पर संबंधित मंत्री ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि मरीन ड्राइव निर्माण को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वीकृति एवं आगे की कार्ययोजना नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि नगर परिषद के समुचित विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी सदन में आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मरीन ड्राइव परियोजना से बगहा को नई पहचान मिलेगी।
Raftaar Media | सच के साथ