रफ्तार मीडिया का खबर के 24 घंटे में असर सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने कांची नदी पुल खोलने का दिया आदेश
सोनाहातु / गौतम लोहरा: सोनाहातु सिल्ली–रंगामाटी मार्ग पर कांची नदी स्थित महत्वपूर्ण पुल का मरम्मत कार्य लगभग एक सप्ताह पहले पूरा हो जाने के बावजूद पुल को अब तक आवागमन के लिए नहीं खोला गया था। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पुल बंद रहने को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी और लोग प्रशासन से जवाब मांग रहे थे कि जब मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है तो फिर पुल को चालू करने में देरी क्यों हो रही है।
जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले कांची नदी का यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद प्रशासन ने इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कराया था। मरम्मत के दौरान सुरक्षा कारणों से पुल पर वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इस कारण सिल्ली, रंगामाटी और सोनाहातु क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा था।
इसी दौरान पुल बंद रहने का फायदा उठाते हुए कुछ स्थानीय दबंगों द्वारा पुल के ऊपर और नीचे अस्थायी डायवर्सन बना दिया गया था, जिसके सहारे वाहनों को नदी पार कराने की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इन अस्थायी रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों और आम लोगों से मनमाने तरीके से पैसे वसूले जा रहे थे। कई ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें यह राशि देनी पड़ती थी, क्योंकि आसपास आवागमन के लिए कोई अन्य सुगम मार्ग उपलब्ध नहीं था।स्थानीय लोगों का कहना है कि अब जब पुल का मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है, तब भी इसे बंद रखे जाने से कई तरह की शंकाएं पैदा हो रही हैं। लोगों के बीच यह चर्चा होने लगी थी कि आखिर पुल को खोलने में इतनी देरी क्यों की जा रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा था।कुछ ग्रामीणों ने दबे शब्दों में यह भी आरोप लगाया कि डायवर्सन के जरिए हो रही अवैध वसूली में कहीं न कहीं कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत हो सकती है। हालांकि इस संबंध में किसी ने आधिकारिक रूप से खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कांची नदी का यह पुल क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके माध्यम से आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना बाजार, स्कूल, कॉलेज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। पुल बंद रहने से विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई लोगों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही थी।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल खोलने की मांग की थी। लोगों का कहना था कि यदि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है तो इसे तत्काल आवागमन के लिए चालू किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
खबर का असर
कांची नदी पुल के बंद रहने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर जब यह मुद्दा सामने आया तो सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने भी इस पर संज्ञान लिया। खबर सामने आने के 24 घंटे के भीतर ही सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने आमजन की परेशानियों को देखते हुए पुल को खोलने की घोषणा कर दी।विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और कांची नदी पुल को सोमवार यानी आज से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए हैं कि पुल की स्थिति का निरीक्षण कर उसे जल्द से जल्द आम जनता के लिए चालू कराया जाए।
सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल खुलने से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या समाप्त हो जाएगी और क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
Raftaar Media | सच के साथ