अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जामताड़ा में इंटरनेशनल वूमेन हेल्थ कॉन्फ्रेंस, 109 महिलाओं को किया गया सम्मानित
जामताड़ा / दिनबंधु राउत:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जामताड़ा में फिजियो आर्ट वेलफेयर फाउंडेशन एवं हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार इंटरनेशनल वूमेन हेल्थ कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में देश-विदेश के विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से भाग लेकर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कॉन्फ्रेंस में भारतीय प्रतिनिधियों के रूप में डॉ. स्वाति श्रीवास्तव ने महिलाओं में मोटापा प्रबंधन, डॉ. निधि ने श्रोणि तल पुनर्वास, डॉ. ऋतिक मिश्रा ने पोस्टर प्रेजेंटेशन, डॉ. आलोक ने सीपीआर प्रबंधन, डॉ. भास्कर चंद ने महिला स्वास्थ्य, अरूप कुमार मित्रा ने रक्तदान के लाभ तथा डॉ. अंजनी ने पीरियड क्रैम्प विषय पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार और सूरज कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरूप कुमार मित्रा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वही मुख्य अतिथि राधा कृष्ण ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान अत्यंत आवश्यक है। वहीं तूफान कुमार पोद्दार ने महिलाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए खेल और फिटनेस अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर जामताड़ा सहित देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 109 महिलाओं को महिला शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार, युवा फिजियोथेरेपी आइकन पुरस्कार, महिला उत्कृष्टता पुरस्कार, महिला फिटनेस क्रांति पुरस्कार, युवा महिला पत्रकारिता उत्कृष्टता पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विशेष रूप से डॉ. रीता नाग को 100 से अधिक बार रक्तदान करने और कैंसर मरीजों के लिए बाल दान करने जैसे प्रेरणादायक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर के डायरेक्टर डॉ. भास्कर चंद के नेतृत्व में किया गया।
Raftaar Media | सच के साथ