आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर संपन्न
हजारीबाग:- हजारीबाग शहर के डिस्टिक मोड़ चौक स्थित आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शनिवार को हृदय रोगियों के लिए विशेष नि:शुल्क हृदय परामर्श एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में रांची स्थित रिम्स के सुप्रसिद्ध इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम ठाकुर ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों के लिए ईसीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बी.पी.) जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुए इस स्वास्थ्य शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में 60 से अधिक मरीजों ने अपने हृदय स्वास्थ्य की जांच कराई तथा विशेषज्ञ डॉक्टर से उचित परामर्श प्राप्त किया। मरीजों को परामर्श देते हुए हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रम ठाकुर ने कहा कि आज के समय में अनियमित जीवनशैली, तनाव और गलत खान-पान के कारण कम उम्र में ही हृदय रोग की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सीने में दर्द, सांस फूलना, अचानक पसीना आना, थकान या बेचैनी जैसी समस्या महसूस होती है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर की गई जांच और सही उपचार से हृदय रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि आरोग्यम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। इसी सोच के तहत समय-समय पर विभिन्न प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से मिल सकें और वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। वहीं अस्पताल के प्रशासक जया सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विभिन्न रोगों से संबंधित नि:शुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। शिविर के सफल आयोजन के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। मरीजों ने भी विशेषज्ञ डॉक्टर से नि:शुल्क परामर्श और जांच सुविधा मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
Raftaar Media | सच के साथ