राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता /गांडेय
गांडेय थाना क्षेत्र के ओझाडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खेत में पानी बांधने के दौरान अचानक हुए वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान ओझाडीह गांव निवासी नुनुराम हांसदा के 32 वर्षीय पुत्र पप्पू हांसदा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पप्पू हांसदा अपने खेत में पानी बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्ज के साथ वज्रपात (ठनका) गिर गया, जिसकी चपेट में वे आ गए। इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अंचल कार्यालय से कई अधिकारी और कर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित करने के लिए कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अंचल बडाबाबू बानेश्वर पूजहर ,रामनरेश चौधरी, उदय मरांडी सुनील हाँसदा के साथ काफी संख्या में ग्रामीण
शामिल थे।
युवक की आकस्मिक मौत से उनके परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुर्घटना से स्तब्ध है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।