रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
 

रूपनारायणपुर ग्राम पंचायत भवन में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आक्रोशित महिलाओं ने निर्वाचित प्रधान अपर्णा दास के पति बिपन दास पर पंचायत के कामकाज में असंवैधानिक दखल का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि प्रदर्शनकारियों ने बिपन दास का कॉलर पकड़कर उन्हें पंचायत कार्यालय से बाहर खदेड़ दिया। महिलाओं का आरोप है कि नाम के लिए अपर्णा दास प्रधान हैं, लेकिन फाइलों के संचालन, विकास योजनाओं की मंजूरी और वित्तीय निर्णयों पर वास्तविक नियंत्रण उनके पति का ही चलता है। इसके साथ ही बिपन दास पर बिना जांच के सरकारी खस जमीन के लिए एनओसी जारी करने और विकास कार्यों में भारी पक्षपात व भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आंदोलित महिलाओं से बातचीत कर मामला शांत कराया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उन्हें भविष्य में किसी भी गैर-निर्वाचित व्यक्ति का हस्तक्षेप रोकने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल, इन आरोपों पर प्रशासन या प्रधान पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। मामला जांच के दायरे में है।