उपायुक्त की अध्यक्षता में अवैध खनन रोकने जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक संपन्न औचक निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई के निर्देश, अवैध बालू उत्खनन एवं कोयला चोरी पर विशेष ध्यान
दिनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया :जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन रोकने के लिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने अवैध बालू उत्खनन, कोयला चोरी और खनिज परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर औचक निरीक्षण करना आवश्यक है। अवैध खनन में उपयोग किए गए वाहनों की जब्ती और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में ईसीएल पांडेश्वर क्षेत्र में बंद खदानों में बने गड्ढों की डोजरिंग और फाइनल क्लोजर के लिए निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टीम बनाकर क्षेत्र का निरीक्षण करने और नियमों के उल्लंघन पर रिपोर्ट देने को कहा। उपायुक्त ने नारायणपुर थाना क्षेत्र और बजराघाट के नदी मार्ग से अवैध खनिज परिवहन की घटनाओं पर पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी और वाहनों की जब्ती करने का निर्देश दिया। साथ ही ईसीएल प्रबंधन को खनिज परिवहन में नियमों का पालन सुनिश्चित करने और मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार , नाला एसडीपीओ मनोज महतो , जिला खनन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, ईसीएल प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 87 अवैध खनन मामले सामने आए हैं, जिनमें 111 वाहन जब्त, 20 प्राथमिकी दर्ज और 23 लाख 72 हजार 500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि अवैध खनन पर कोई भी ढील नहीं दी जाएगी और सभी अधिकारियों को इसे हर हाल में रोकने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
Raftaar Media | सच के साथ