अजीत कुमार / दिल्ली
नई दिल्ली। सावन के पहले सोमवार पर राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर में सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र और पूजा सामग्री लेकर लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर भक्तों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
हिंदू धर्म में श्रावण मास को भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र महीना माना जाता है। विशेष रूप से सावन के सोमवार का धार्मिक महत्व अधिक होता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में जुटी रही। सुबह से देर तक मंदिर में भक्तों का आना लगातार जारी रहा।