डॉ विभूति सिंह/भागलपुर।
मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने विद्यालय में हुई चोरी का सफल उद्भेदन करते हुए चोरी के सामान के साथ 4 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इस मामले में 2 विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध शराब, आर्म्स, मादक पदार्थ आदि की बरामदगी एवं चोरी/छिनतई के हॉट-स्पॉट पर सघन गश्ती एवं छापेमारी की जा रही है।इसी क्रम में बीते 10 अगस्त को मधुसूदनपुर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक विद्यालय से कुछ पंखे,केसिंग तथा विभाग द्वारा दिया गया अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। इस संबंध में सुधांशु शेखर तिवारी पे०-स्व० चन्द्रशेखर त्रिवेदी,सा०-लाल कोठी,थाना-तातारपुर, जिला-भागलपुर के लिखित आवेदन के आधार पर मधुसूदनपुर थाना कांड सं०-181/26 सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर की निगरानी में एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी नगर-02, भागलपुर तथा थानाध्यक्ष मधुसूदनपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की। सूचना मिली कि इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मी मधुसूदनपुर थानांतर्गत कांचिया में अपने घर में छिपे हुए हैं।पुलिस ने छापेमारी कर सुजीत कुमार पे०-इन्द्रदेव सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर अन्य 3 अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
छोटू कुमार पे०- सकलदेव मंडल,जय कुशल सुमन पे०- राम सेवक सुमन,और जयंत कुमार सुमन पे०- राम सेवक सुमन के रूप में की गई है। वहीं पुलिस ने 02 विधि-विरुद्ध बालक को निरूद्ध करते हुए 1 साउंड बॉक्स और 04 सीलिंग पंखा भी बरामद किया है और अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।