logo

सोनाहातु कांची नदी पुल मरम्मत कार्य पूरा, फिर भी आवागमन बंद; ग्रामीणों में आक्रोश, अवैध वसूली पर उठे सवाल आखिर किसके इशारे पर रुका है रास्ता

सोनाहातु संवाददाता /गौतम लोहरा: सोनाहातु सिल्ली–रंगामाटी मार्ग पर कांची नदी स्थित पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद चल रहा मरम्मत कार्य लगभग एक सप्ताह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक पुल को आवागमन के लिए नहीं खोला गया है। पुल बंद रहने से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि जब मरम्मत का काम समाप्त हो चुका है तो आखिर पुल को चालू करने में देरी क्यों की जा रही है।जानकारी के अनुसार पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कराया गया था। इस दौरान पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसी बीच कुछ स्थानीय दबंगों द्वारा पुल के ऊपर और नीचे डायवर्सन बनाकर वाहनों को वहां से गुजरने की व्यवस्था की गई। आरोप है कि इन अस्थायी रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों से मनमाने तरीके से मोटी रकम वसूली की जाती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें यह रकम देनी पड़ती थी, क्योंकि क्षेत्र में आवागमन का कोई अन्य सुगम विकल्प नहीं था।
ग्रामीणों का कहना है कि अब जब पुल का मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है, तब भी पुल को बंद रखे जाने से कई तरह की शंकाएं पैदा हो रही हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है कि पुल को आम जनता के लिए कब खोला जाएगा। इस कारण लोगों के बीच तरह–तरह की चर्चाएं भी होने लगी हैं।कुछ ग्रामीणों ने दबे जुबान यह भी आरोप लगाया है कि डायवर्सन के जरिए हो रही अवैध वसूली में कहीं न कहीं पुल से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक रूप से किसी ने खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि मामले की जांच होनी चाहिए और यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल को आम जनता के लिए खोलने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बंद रहने से रोजाना आने–जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और छोटे व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि पुल की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द निर्णय लिया जाए और यदि पुल पूरी तरह सुरक्षित है तो इसे तत्काल चालू किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी से मुक्ति मिल सके।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS