अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अरेराज अनुमंडल में महिलाओं को किया गया सम्मानित, विभिन्न योजनाओं के नाम पर हुआ वृक्षारोपण
आज दिनांक 08 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी पूर्वी चंपारण मोतिहारी श्री सौरभ जोरवाल के निदेश के आलोक में अरेराज अनुमंडल क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को अनुमंडल प्रशासन के द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं की उपलब्धियों एवं समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को अनुमंडल पदाधिकारी अरेराज के द्वारा रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल कार्यालय परिसर में महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी योजना, जीविका (स्वयं सहायता समूह) कार्यक्रम, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के नाम पर वृक्षारोपण किया गया। प्रत्येक योजना के प्रतीक के रूप में एक-एक पौधा लगाया गया, जिससे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि महिलाएं समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है तथा महिला सशक्तिकरण से ही राष्ट्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर सुनीता गुप्ता – जीविका से जुड़कर महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान, मानसी कुमारी – मैट्रिक (10वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया, अर्चना गुप्ता – प्रगतिशील महिला किसान के रूप में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, मुन्नी खातून – जीविका के माध्यम से लेदर बैग उत्पादन कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सराहनीय प्रयास, पलक कुमारी – मैट्रिक (10वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन,मुन्नी कुमारी – इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रिया कुमारी – प्राकृतिक खेती (Natural Farming) को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका, डॉ. उषा मिश्रा – स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान तथा कमला देवी – लगभग 12,000 जीविका दीदियों का नेतृत्व कर महिला सशक्तिकरण में प्रेरणादायक भूमिका के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी, अरेराज; प्रखंड विकास पदाधिकारी अरेराज, पहाड़पुर, संग्रामपुर एवं हरसिद्धि; कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत अरेराज; तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संग्रामपुर एवं पहाड़पुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Raftaar Media | सच के साथ