logo

भेष बदलकर पहुंची एसीबी की टीम, देवघर कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप; भू-अर्जन कार्यालय से दो कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 

देवघर:देवघर समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम भेष बदलकर सीधे भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी करने पहुंच गई। जैसे ही कार्रवाई की खबर फैली, पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल तेज हो गई और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार एसीबी की पांच से छह सदस्यीय टीम गुप्त तरीके से कलेक्ट्रेट स्थित भू-अर्जन कार्यालय में दाखिल हुई। यह कार्रवाई गौरीपुर निवासी शिकायतकर्ता ब्रह्मदेव यादव की शिकायत के आधार पर की गई थी। बताया जाता है कि जमीन से जुड़े कार्य के एवज में कार्यालय के कुछ कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप किया।

छापेमारी को सफल बनाने के लिए टीम के डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी साधारण वेशभूषा में पहुंचे। उन्होंने गले में गमछा डाला हुआ था और हाथ में थैला लिए आम व्यक्ति की तरह कार्यालय में प्रवेश किया। उनके हाव-भाव और पहनावे को देखकर कार्यालय में मौजूद किसी भी कर्मचारी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि वे एसीबी के अधिकारी हैं।

इसी दौरान जब एसीबी टीम के सदस्यों ने काम के सिलसिले में कर्मचारियों से संपर्क किया तो उनसे पैसे की मांग कर दी गई। इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए *भू-अर्जन कार्यालय के कर्मचारी निरंजन कुमार और नुनुदेव* को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को एसीबी टीम अपने साथ लेकर आगे की पूछताछ के लिए निकल गई।

इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही समाहरणालय परिसर में मौजूद कई अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हो गए।

अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे कार्यालय में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।

एसीबी के डीएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। ट्रैप के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS