रेलवे रोड स्थित मोहन पैलेस में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल की संयुक्त बैठक, नई जिला कमेटी की घोषणा
दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद। शहर के रेलवे रोड स्थित मोहन पैलेस में आज अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात से आए उत्तर प्रदेश प्रभारी राजू भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री अरविंद सेंगर मौजूद रहे। इस अवसर पर संगठन की नई जिला कमेटी की घोषणा भी की गई। इसमें दिनेश राजपूत को जिला अध्यक्ष और अंगद पांडे उर्फ कोमल पांडे को जिला प्रमुख महामंत्री नियुक्त किया गया।
मुख्य अतिथि राजू भारद्वाज ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश की परिस्थितियों को देखते हुए सनातन धर्म को एकजुट करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चारों ओर से सनातन पर आक्रमण किए जा रहे हैं और हिंदू समाज को बांटने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र किए जा रहे हैं। ऐसे समय में सभी को सतर्क रहकर इन प्रयासों का विरोध करना होगा और समाज को जागरूक करना होगा, तभी हिंदुत्व को मजबूत किया जा सकेगा।
प्रदेश महामंत्री अरविंद सेंगर ने कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल पूरे प्रदेश में हिंदुत्व और गौ रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन के हजारों कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते गौ हत्या जैसी घटनाओं में कमी आई है और गौ तस्करों में भय का माहौल बना है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि फर्रुखाबाद जनपद में संगठन को कमजोर करने के जो प्रयास कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे थे, वे अब समाप्त हो चुके हैं। नई कार्यकारिणी पूरी मजबूती के साथ जिले में संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी और किसी भी जरूरतमंद कार्यकर्ता के साथ संगठन कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध रामकथा प्रवक्ता आचार्य अमरीश जी महाराज ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर लगता है कि जनपद में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल हिंदुत्व के लिए प्रभावी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वे संगठन के साथ सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजू भाई भारद्वाज ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिंह सेंगर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष उमेशा आनंद जी महाराज मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे (अंगद) द्वारा किया गया।
Raftaar Media | सच के साथ