कुश पहाड़ी में मिनी ट्रक की टक्कर से ऑटो पलटा, चार घायल; जज्बा देखिये, सिर में चोट के बावजूद परीक्षा देने पहुँची छात्रा
शिकारीपाड़ा: दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर शिकारीपाड़ा के कुशपहाड़ी के पास शनिवार को एक खड़ी ऑटो को मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे ऑटो मौके पर ही पलट गया और उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे के बाद मानवता की मिसाल पेश करते हुए ट्रक चालक ने खुद ही पलटे हुए ऑटो को सीधा किया और घायलों को तुरंत शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। घायलों में ग्राम ढाका के ऑटो चालक रघु पाल और सिमलूती गांव की आंगनबाड़ी सेविका पार्वती की प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया गया है। वहीं, कुशपहाड़ी की छात्रा बबीता सोरेन, जो इंटर की परीक्षा देने शिकारीपाड़ा जा रही थी, के सिर में चोट आई थी, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसने अदम्य साहस का परिचय दिया और परीक्षा देने केंद्र चली गई। चौथे यात्री रवि मुर्मू को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
Raftaar Media | सच के साथ