रवि सिन्हा /डुमरी
डुमरी:-डुमरी प्रखंड में लंबे समय से लंबित नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने की मांग को लेकर जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरी को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इसकी प्रतिलिपि उपायुक्त, गिरिडीह को भी आवश्यक संज्ञान एवं कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
सुनीता कुमारी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली एवं क्षेत्रीय कार्यालय, रांची द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक दस्तावेज एवं प्रस्ताव उपलब्ध कराने के संबंध में पूर्व में पत्राचार किया जा चुका है। इसके बावजूद आवश्यक प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हो सकी है। उन्होंने मांग की है कि Annexure-I, II एवं III का पुनरीक्षित प्रस्ताव, निर्धारित 15 कक्ष, छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालय, संरचनात्मक एवं अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र, बिजली, पेयजल एवं पठन-पाठन की आवश्यक सुविधाओं के साथ अस्थायी भवन की बाउंड्री/फेंसिंग तथा प्रस्तावित स्थायी विद्यालय की भूमि तक एप्रोच रोड की व्यवस्था सुनिश्चित कर प्रस्ताव शीघ्र अग्रेषित किया जाए।
सुनीता कुमारी ने कहा कि डुमरी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर प्रस्ताव शीघ्र आगे भेजा जाना चाहिए, ताकि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो और क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके।