पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में कक्षा 2 के अभिभावकों के लिए पीटीएम आयोजित, निपुण लक्ष्यों पर हुई चर्चा
जामताड़ा से दिनबंधु राउत/रफ्तार मीडिया :मिहिजाम क्षेत्र के पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में 11 मार्च 2025 को कक्षा 2 के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए एक विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य टेक धरनी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को यह बताना था कि वे घर पर बच्चों को निपुण मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में किस प्रकार सहयोग दे सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्वेता निगम ने किया। बैठक की शुरुआत वरिष्ठ पीआरटी भारती देवी द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से की गई। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक क्षमता विकसित करने के कई व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चे रोज़ कम से कम 20 मिनट पढ़ने की आदत विकसित करें। साथ ही घर के दैनिक कार्यों में जोड़-घटाव, गिनती और माप-तौल जैसी गतिविधियों को शामिल किया जाए। उन्होंने फ्लैशकार्ड, घर की दीवारों पर चार्ट और प्रिंट-रिच वातावरण बनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इसके अलावा अक्षर-ध्वनि (फोनिक्स) आधारित खेलों और कहानी-वाचन के माध्यम से बच्चों के भाषा विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया।प्राचार्य टेक धरनी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की प्रगति केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए घर पर सकारात्मक सीखने का वातावरण, नियमित समय-सारणी और छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की कॉपियों का नियमित निरीक्षण करने, उन्हें प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों की सराहना करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में एचएम इंचार्ज अर्चना कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर शिक्षिका पूजा सिंह, तम्मना तथा शिक्षक अलोक कुमार गोंड भी उपस्थित रहे। अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Raftaar Media | सच के साथ