फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन ने मंत्री इरफान अंसारी के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, ओंकारनाथ झा को दी श्रद्धांजलि
सरायकेला:फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने शनिवार को सरायकेला समाहरणालय पहुंचकर खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी के नाम उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय ओंकारनाथ झा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी दी गई।श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित डीलरों ने ओंकारनाथ झा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। सभा के दौरान “ओंकारनाथ झा अमर रहें” और “फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन जिंदाबाद” के नारे भी लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय झा ने हमेशा राशन डीलरों के अधिकार और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष किया।इसके बाद फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन तथा स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिला सदस्यों ने संयुक्त रूप से उपायुक्त कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाल ही में दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित ग्रामीण बैंक एटीएम के माध्यम से राशन वितरण की प्रस्तावित व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि इस योजना के लिए तीन जिलों रांची ग्रामीण, दुमका तथा सरायकेला खरसावां का नाम प्रस्तावित किया गया है।एसोसिएशन के अनुसार यदि इस व्यवस्था को लागू किया जाता है तो 50 प्रतिशत से अधिक लाभुक राशन का उठाव नहीं कर पाएंगे।उन्होंने कहा कि अधिकांश परिवारों में महिलाएं ही राशन लेने आती हैं और एटीएम आधारित व्यवस्था उनके लिए व्यावहारिक रूप से संभव नहीं होगी।संगठन ने यह भी आशंका जताई कि इस व्यवस्था के लागू होने से राज्य के लगभग 25 हजार फेयर प्राइस दुकानदार बेरोजगार हो सकते हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चल रही गरीब कल्याण योजना को इस तरह बदलना खाद्य सुरक्षा अधिनियम के उद्देश्य के साथ मजाक जैसा होगा।एसोसिएशन ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार से इस प्रस्तावित व्यवस्था पर पुनर्विचार करने और डीलरों व लाभुकों के हितों की रक्षा करने की मांग की है। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष फुलकान्त झा,उपाध्यक्ष धीरेन्द्र बास्के,महासचिव भुवनेश्वर मुण्डा,सचिव रंजित माहली,सहसचिव अनिल कुमार रजक ,कोषाध्यक्ष शिवचरण उरॉव,सह-कोषाध्यक्ष रंजित माझी,मिडिया प्रभारी पप्पु कुमार राय,प्रवक्ता देव कुमार देवता संरक्षक भगत राम हाजाम,संयोजक मनोरमा देवी सहित डीलर और एसएचजी समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
Raftaar Media | सच के साथ