शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
शिकारीपाड़ा स्थित विवाह भवन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल कार्यसमिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता शिकारीपाड़ा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष विद्युत बरन मंडल और पश्चिमी मंडल अध्यक्ष हेमंत कुमार साहा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सांगठनिक कार्यों को गति देना, बूथ सशक्तिकरण अभियान को मजबूती प्रदान करना और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तृत रणनीति तैयार करना था।
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष परितोष सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली रीढ़ हैं और पार्टी की प्राथमिकताओं को जन-जन तक पहुंचाना हर सदस्य की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाशीष चटर्जी एवं तरुण नंदी, तथा महामंत्री सूचांत दास एवं नौनीगोपाल पाल ने भी अपने विचार रखे और सांगठनिक रणनीतियों को धरातल पर उतारने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
कार्यसमिति की इस बैठक में समस्त सम्मानित पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, पूर्व व निवर्तमान मंडल अध्यक्षों, पंचायत संयोजकों, सह-संयोजकों, बूथ अध्यक्षों तथा BLA-2 सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने "राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि" के मूल मंत्र को दोहराते हुए आगामी कार्यक्रमों को पूरी एकजुटता और ऊर्जा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।