logo

जामताड़ा प्रखंड में जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ, जागरूकता रैली के माध्यम से दिया गया सशक्त नारी, सशक्त समाज का संदेश

 

दिनबंधु / जामताड़ा:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जामताड़ा में जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह स्वच्छता पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू तथा जिला जल एवं स्वच्छता समिति के कार्यपालक अभियंता अनूप कुमार मेहता ने संयुक्त रूप से किया।कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जलसहियाओं और महिला कर्मियों को नीर नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने कहा कि जल महोत्सव पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि गांवों में स्थापित नल-जल योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने की जिम्मेदारी जलसहिया और स्थानीय ग्रामीणों की है। उन्होंने बताया कि पखवाड़ा के दौरान जो भी पंचायत, गांव या कर्मी उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें आगामी विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। वहीं कार्यपालक अभियंता अनूप कुमार मेहता ने जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी लोगों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पानी के सदुपयोग की अपील की।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।कार्यक्रम के दौरान सहायक अभियंता अशोक कुमार तथा कनिय अभियंता अभिषेक बड़ा ने जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला समन्वयक अनुज कुमार मंडल ने जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों और इसके तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा के दौरान 11 मार्च को प्लम्बर दिवस तथा 22 मार्च को विश्व जल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इसके अलावा हर घर जल सत्यापन, सुजल गांव अभियान, जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव, जीपीडीपी के लिए विशेष ग्राम सभा, स्कीम हैंडओवर, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा जल संरक्षण से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू और कार्यपालक अभियंता अनूप कुमार मेहता ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा सशक्त नारी, सशक्त समाज का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रखंड समन्वयक सद्दाम अंसारी, जलसहिया, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS