logo

जामताड़ा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस व जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

 

 

 

जामताड़ा से दिनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया: जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देशानुसार बुधवार को एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 तथा नारी का सम्मान, देश का अभिमान और जल महोत्सव पखवाड़ा (8 से 22 मार्च) के अवसर पर जिला स्तरीय संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का शॉल और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और आधार हैं तथा आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए लगातार प्रयासरत हैं। यदि किसी महिला या बच्ची के साथ छेड़खानी, दुर्घटना या घरेलू हिंसा जैसी घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, पुलिस हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने आंगनवाड़ी सेविकाओं से बच्चों को खेल, संगीत और तकनीक के माध्यम से नवाचारपूर्ण तरीके से पढ़ाने की अपील की ताकि बच्चों में सीखने के प्रति उत्सुकता बढ़े। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के लिए सभी को प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करना होगा ताकि महिलाओं और बच्चियों के साथ किसी प्रकार का शोषण न हो सके। जल महोत्सव पखवाड़ा के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। खराब पड़े चापाकलों की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने तथा तालाबों के संरक्षण और जल बचाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समाज में माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, विधवा पेंशन सहित कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पात्र महिलाओं को इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सभी को महिलाओं के सम्मान, समानता और जल संरक्षण के प्रति सामूहिक शपथ दिलाई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अवर निरीक्षक, आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, जल सहियाओं और अन्य कर्मियों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं और महिलाओं ने सामूहिक गीत और नृत्य की प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS