अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का हुआ सम्मान, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना से सशक्त बन रहीं ग्रामीण महिलाएं
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के नेतृत्व में डीएमएमयू पलाश–जेएसएलपीएस, गुमला द्वारा सीएमटीसी तिर्रा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की महिलाओं के योगदान, उनकी मेहनत, नेतृत्व क्षमता तथा समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानपूर्वक याद करते हुए कई महिला लाभुकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बारा तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न सीएलएफ (CLF) की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। इसके साथ ही एनजेएस, जी-सीआरपी, एकेएम/एपीएस तथा एडब्ल्यू जैसे सामुदायिक कैडर ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। योजना की लाभुक कांति देवी और ललिता देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें एक वर्ष के लिए बिना ब्याज का ऋण प्राप्त हुआ, जिसके माध्यम से वे चावल प्रोसेसिंग, सब्जी विक्रय एवं डेयरी पालन जैसे वैकल्पिक आजीविका कार्यों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) गुमला शैलेन्द्र जरिका ने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक संस्थाओं और सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भर उठा।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस अवसर पर महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए उन्हें आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और समाज के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
Raftaar Media | सच के साथ