दिव्यांगजनों ने अखिलेश यादव को संबोधित ज्ञापन सौंपा
दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता/फर्रुखाबाद, : ग्राम विरीया नगला, जहानगंज रोड, भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांगजनों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिलेश यादव को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट, फर्रुखाबाद को दिया गया।
ज्ञापन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव उपरांत प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में दिव्यांगजनों के समयोचित उन्नयन हेतु विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की मांग की गई है।
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
बेरोजगार दिव्यांगजनों को ₹5000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाए।
दिव्यांगजनों को सरकारी आवास योजनाओं में प्राथमिकता दी जाए।
आवागमन की सुविधा हेतु तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराई जाए।
उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से प्रदेश के दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बन सकेंगे और सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर पाएंगे। समाजवादी पार्टी से अनुरोध किया गया कि सरकार गठन के बाद इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन शीघ्र ही माननीय अखिलेश यादव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दिव्यांगजनों की हर संभव सहायता की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में विनोद वाल्मीकि, राम बहादुर, राजेंद्र सिंह, अरुण कुमार, महाराम, जागेश्वर, मंगली प्रसाद, शिवानी, प्रांशु, महेश, बाबूराम, राम बेटी, सुप्रिया बेगम, रामदास, श्याम दास, सुरेश, सौरभ, अमर सिंह, प्रमोद कुमार, सुधीर, पिंटू, अनुज, पप्पू, लाला बाबू, शांति देवी, बाबूलाल, राजबहादुर सहित अन्य दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महासचिव रजत क्रांतिकारी ने किया।
Raftaar Media | सच के साथ