logo

Bihar Govt Formation: बिहार में सरकार को लेकर फंसा पेंच, शपथ से पहले दिल्ली गए संजय झा और ललन सिंह

Bihar News:  बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीति तेज हो गई है। जेडीयू–भाजपा गठबंधन में मंत्रियों की संख्या बराबर रखने पर लगभग सहमति बन चुकी है, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों दलों में खींचतान जारी है। दोनों पार्टियाँ इस बार सत्ता साझेदारी में किसी भी तरह का असंतुलन नहीं चाहतीं, इसलिए हर पद को लेकर गहन मंथन चल रहा है।

अध्यक्ष पद पर दोनों दलों की नजर

वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष का पद भाजपा के पास है। जेडीयू का तर्क है कि विधानपरिषद के सभापति पद पर पहले से भाजपा का कब्ज़ा है, इसलिए विधानसभा अध्यक्ष का पद जेडीयू को मिलना चाहिए। दूसरी ओर भाजपा यह दलील दे रही है कि मुख्यमंत्री पद जेडीयू के पास होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष पद पर उसका स्वाभाविक दावा बनता है।
यह पद भविष्य में सरकार की स्थिरता और विधायी कार्रवाई पर नियंत्रण का महत्वपूर्ण साधन माना जाता है, इसी वजह से दोनों दल पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

ललन सिंह और संजय झा दिल्ली में, अंतिम दौर की बातचीत जारी

सोमवार को बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, तथा जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे। दोनों नेताओं की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली में मंत्रिमंडल के गठन, पदों की संख्या और संभावित चेहरों को लेकर अंतिम मंथन चल रहा है। इससे संकेत मिलता है कि गठबंधन की ओर से अंतिम फैसला जल्द सामने आ सकता है।

क्या है आगे का राजनीतिक संभावित परिदृश्य?

सत्ता में बराबर साझेदारी के फार्मूले पर जेडीयू और भाजपा सहमत दिख रही हैं, लेकिन अध्यक्ष पद और उपमुख्यमंत्री पद पर सस्पेंस अब भी बना हुआ है। दोनों दलों के दिल्ली दौरे और जारी बातचीत के आधार पर माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में मंत्रियों की सूची और शपथ ग्रहण की तिथि घोषित हो सकती है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS