सहरसा:13 मार्च को समृद्धि यात्रा के तहत सहरसा आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,जिले में करेंगे योजनाओं की समीक्षा व जनसंवाद
शिव कुमार/सहरसा।माननीय मुख्यमंत्री की जिलावार ‘समृद्धि यात्रा’ के तृतीय चरण के अंतर्गत 13 मार्च को मुख्यमंत्री सहरसा पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण,समीक्षा बैठक तथा जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार सरकार की ओर से सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव,सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त,जिलाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा 10 मार्च से 14 मार्च 2026 तक राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय योजना से जुड़ी योजनाओं के साथ-साथ जिले की अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं कार्यारंभ भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 13 मार्च को पूर्वाह्न में सहरसा में योजनाओं का निरीक्षण व समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जबकि उसी दिन अपराह्न में मुख्यमंत्री खगड़िया के लिए प्रस्थान करेंगे। इससे पहले वे कटिहार जिले में भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। समृद्धि यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक तथा आम जनता के साथ जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी और योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा। सरकार की ओर से जारी निर्देश में सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को कार्यक्रम की सफल व्यवस्था एवं समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गई है।
Raftaar Media | सच के साथ