8 मार्च को 11 कन्याओं की होगी सामूहिक विवाह
रफ़्तार मिडिया ब्यूरो/कुशीनगर। पूर्वाचल मानव सेवा संस्थान द्वारा 8 मार्च को पडरौना नगर के जटहाँ रोड स्थित बुढ़िया माई मैरेज लॉन में 11 सौभाग्यशाली कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है।
यह जानकारी कार्यक्रम अध्यक्ष दीप नारायण अग्रवाल व प्रबंधक पप्पू पाण्डेय ने संयुक्त रूप से मीडिया से मुखातिब होकर दी। छह वर्ष से अनवरत चल रहे इस कार्यक्रम मे संस्था द्वारा अब तक 31 कन्याओं का विवाह जनसहयोग के माध्यम से कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आयोजन पूरी तरह दहेज-मुक्त व नशा-मुक्त रहेगा। उन्होंने कहा कि महान समाज सुधारक राजा राम मोहन राय के आदर्शों पर चलते हुए इस वर्ष विधवा-विधुर पुनर्विवाह भी कराया जाएगा। संस्था प्रत्येक जोड़े को गृहस्थी का सामान देगी। इतना ही नहीं, जो दंपति पांच वर्षों तक सफलतापूर्वक वैवाहिक जीवन व्यतीत करते हैं, उन्हें लगातार पांच वर्षों तक 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। इस कार्यक्रम में निःशुल्क पंजीकरण के साथ बालिग वर-वधू और दोनों परिवारों की सहमति अनिवार्य रखी गई है।
Raftaar Media | सच के साथ