logo

जामताड़ा सदर अस्पताल में 24×7 बाल रोग विशेषज्ञ की मांग, युवाओं व समाजसेवियों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

 

 

जामताड़ा / दिनबंधु राउत:जामताड़ा सदर अस्पताल में बच्चों के उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शहर के युवाओं और समाजसेवियों ने शुक्रवार को उपायुक्त रवि आनंद को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अस्पताल में 24×7 बाल रोग विशेषज्ञ (बच्चों के डॉक्टर) की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। समाजसेवी जीतू सिंह, सुभाष सिंह, अमित साव और आकाश साव सहित अन्य लोगों ने बताया कि हाल ही में जामताड़ा सदर अस्पताल में एक 3 वर्षीय बच्चे की उपचार के अभाव में दुखद मृत्यु की घटना सामने आई है। इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उचित इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टर की उपलब्धता नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। समाजसेवियों का कहना है कि सदर अस्पताल जिले का मुख्य सरकारी अस्पताल है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं।ऐसे में बच्चों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर का 24 घंटे उपलब्ध रहना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में छोटे बच्चों को तुरंत इलाज मिल सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि अस्पताल में 24 घंटे बाल रोग विशेषज्ञ की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह की दुखद घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। इसलिए प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए। युवाओं और समाजसेवियों ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि जामताड़ा सदर अस्पताल में स्थायी रूप से बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए और बच्चों के इलाज के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS