ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी/सुगौली। पूर्वी चंपारण के सुगौली प्रखंड सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित वृद्धजनों को 'माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम' के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है तथा उनके भरण-पोषण और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध कराए जाने वाले सहायक उपकरणों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सहज और सुरक्षित बनाना है।
कार्यशाला में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा (एडीएसएस), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक योजनाओं का लाभ लेकर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके।