जामताड़ा महाविद्यालय में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन, पांच प्रतिभागियों का राज्य स्तर के लिए चयन
जामताड़ा / दिनबंधु राउत:जामताड़ा महाविद्यालय में एक दिवसीय जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम 2026 का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्र निर्माण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एनएसएस से डॉ. धनंजय मिश्रा उपस्थित थे।उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति भी जागरूक रहें तथा अपने विचारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जामताड़ा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल, जामताड़ा तंबाकू नियंत्रण सलाहकार डॉ. सिन्हा, जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार, चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य रजनीकांत दुबे तथा जामताड़ा रेडक्रॉस के सदस्य राजेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं को देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे प्रोफेसर रेशमा रोप्पो ने प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जी. एस. गिरी ने किया। जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में कुल पांच प्रतिभागियों का चयन किया गया, जो अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में सना इकबाल ने 308 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विशाल मित्रा ने 302 अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।इसके अलावा तान्या साह ने 275 अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सुमन वर्धन ने 232 अंक के साथ चौथा तथा संतोषी कुमारी ने 207 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर महादेवचंद यादव एवं डॉ. एस. एन. बंदोपाध्याय ने खान-पान विभाग की व्यवस्था को अत्यंत सुचारू ढंग से संभाला।
Raftaar Media | सच के साथ