दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता मिहिजाम: मिहिजाम गुरुद्वारा गेट के समीप शुक्रवार मध्य रात्रि एक फुटपाथ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटों में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना चंदू साव की फुटपाथ दुकान में हुई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही मिहिजाम की पेट्रोलिंग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। साथ ही अग्निशमन विभाग चित्तरंजन और जामताड़ा को सूचना दी गई। दोनों जगहों से पहुंची अग्निशमन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान का सारा सामान जल चुका था। दुकानदार चंदू साव ने आशंका जताई कि किसी ने उनकी दुकान में आग लगाकर भाग गया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से क्षतिपूर्ति की गुहार लगाई है। अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि सूचना मिलते ही वे रवाना हो गए और समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग दुर्घटना थी या साजिश। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है।