कांड्रा - टाटा मुख्य मार्ग पर मंगलम सिटी सर्विस रोड किनारे भीषण आग, कचरा चुनकर गुज़ारा करने वाली महिला का आशियाना जलकर राख
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित मंगलम सिटी की ओर जाने वाले सर्विस रोड के किनारे बुधवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कचरा चुनकर जीवन यापन करने वाली महिला का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया।पीड़िता मोनिका गोप ने बताया कि वह अपने पति के साथ थोड़ी देर के लिए पीने का पानी लाने गई थी। इसी बीच अज्ञात उपद्रवियों ने झोपड़ी में आग लगा दी। जब तक वे लौटकर पहुंची, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और उनका पूरा सामान जल चुका था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि खबर लिखे जाने तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
Raftaar Media | सच के साथ