कासगंज में फर्जी डिग्री के नाम पर ठगी का आरोप, अवैध अस्पताल संचालक पर 5.70 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया
कासगंज: जनपद कासगंज में अस्पताल और अल्ट्रासाउंड संचालन के लिए डॉक्टर की डिग्री उपलब्ध कराने के नाम पर सक्रिय एक बड़े गिरोह का मामला प्रकाश में आया है। यह मामला सहावर थाना पुलिस को दी गई एक तहरीर के माध्यम से सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अवैध रूप से संचालित अस्पताल के संचालक पर लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोज कुमार पुत्र लेखराज सिंह निवासी बहापुर थाना सहावर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात सत्यवीर सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी समसपुर डेंगरी थाना अमांपुर से हुई थी। सत्यवीर सिंह सहावर क्षेत्र में सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज के सामने स्थित काव्या हॉस्पिटल का संचालन कर रहे थे। मनोज कुमार अल्ट्रासाउंड सेंटर स्थापित करना चाहता था, जिसके लिए डॉक्टर की डिग्री और वैधानिक प्रक्रिया की आवश्यकता थी।
तहरीर में उल्लेख किया गया है कि सत्यवीर सिंह ने डॉक्टर की डिग्री दिलाने का आश्वासन देते हुए मनोज कुमार से कुल 5 लाख 70 हजार रुपये ले लिए। इनमें से 4 लाख 70 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से फोन-पे के जरिए लिए गए, जबकि 1 लाख रुपये नकद प्राप्त किए गए। पीड़ित का आरोप है कि लंबा समय बीत जाने के बावजूद न तो उसे कोई योग्य डॉक्टर उपलब्ध कराया गया और न ही वैध डिग्री दिलाई गई।
पीड़ित के अनुसार, बाद में जो डिग्री उसे सौंपी गई, वह फर्जी प्रतीत हो रही है। जब इस संबंध में सत्यवीर सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो वह टालमटोल करने लगा और अंततः संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया। स्वयं को ठगा हुआ महसूस करने पर मनोज कुमार ने सहावर थाना पहुंचकर लिखित तहरीर दी और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इस मामले ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर हो रहे अवैध कारोबार और फर्जीवाड़े को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ भी बड़ा खिलवाड़ माना जाएगा।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कव्या से हुआ बजरंगी हांस्पिटल
काव्या हांस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद फर्जी हांस्पिटल पाये जाने पर सीज हो गया था, अब यह हांस्पिटल बजरंगी के नाम पर सहावर गेट पर शुरू हो गया है।
Raftaar Media | सच के साथ