सौरभ राय/रफ्तार मीडिया

रांची: जमशेदपुर में युवा आजसू द्वारा दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन का आयोजन 7 और 8 अगस्त को किया जा रहा है जिसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने की। इस दौरान अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा के साथ युवा आजसू के ऑनलाइन सदस्यता एवं पंजीकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।

यह अधिवेशन संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा- सुदेश महतो

मौके पर सुदेश महतो ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिवेशन संगठन को नई ऊर्जा, नया नेतृत्व और नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास आजसू की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को प्रतिनिधि सम्मेलन में संगठन विस्तार, भावी रणनीति और विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जबकि 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की घोषणा भी की जाएगी। अधिवेशन में राज्यभर से पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रदेश एवं शहरी निकायों के प्रतिनिधियों के साथ 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

जेपीएससी और जेएसएससी प्रकरण पर उठाए गए सवाल

वर्तमान में जेपीएससी द्वारा ली गई 14 वीं पीटी परीक्षा में हुई कथित अनिमियता को लेकर युवाओं में आक्रोश देखा जा रहा है इस मुद्दे सुदेश महतो ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए  राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार केवल सीआईडी जांच के भरोसे मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है। उन्होंने 14वीं जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच, जेपीएससी के वर्तमान सदस्यों को हटाने तथा सेवानिवृत्त न्यायाधीशों एवं विशेषज्ञों की स्वतंत्र समिति गठित कर पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

युवाओं को मिला आजसू का समर्थन

सुदेश महतो ने कहा कि सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि भविष्य की नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से कैसे होंगी और युवाओं को निष्पक्ष अवसर कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी है तथा पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त परीक्षाओं, न्यायपूर्ण रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की पक्षधर है।बैठक में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डॉ. देवशरण भगत, दीपक महतो, संजय महतो, निर्मला भगत, हरीश सिंह, ज्ञान सिन्हा, परवाज खान, मो. जब्बार, ओम वर्मा, प्रताप सिंह, बबलू महतो, हर्ष मेहता सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।